उन्नाव में जमीन अधिग्रहण मामला: आईजी के बाद पीड़ित किसानों से मिलने पहुंचे कांग्रेसी
उन्नाव में पुलिस और किसानों के बीच हुए भीषण संघर्ष के बाद अब विपक्ष सरकार पर निशाना साध रहा है। अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी ने ट्वीट के जरिए यूपी सरकार पर हमला बोला। पुलिस की ओर से किसानों पर की गई बर्बरता का विरोध किया।
मंगलवार को सपा के बाद अब कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल भी किसानों से मिलने के लिए उन्नाव के शंकरसरांय गांव पहुंचा। इससे पहले आईजी ने भी पीड़िता किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याओं को सुना और ट्रांसगंगा सिटी पहुंच कर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की।
कांग्रेस विधानमंडल की नेता आराधना मिश्रा मंगलवार को मुरलीपुर गांव पहुंची जहां पर उन्होंने किसानों के साथ हुई बर्बरता पूर्वक कार्रवाई को लेकर उनसे उनका हालचाल पूछा। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता तब तक कांग्रेस उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस लड़ाई में उनका साथ देगी। उन्होंने बताया कि जिस तरीके से प्रदेश सरकार की पुलिस किसानों के प्रति काम कर रही है उससे आज अंग्रेज जनरल डायर और जलियांवाला बाग कांड की याद आती है।