साध्वी प्रज्ञा ने दोबारा मांगी माफी, कहा- मैंने गोडसे को देशभक्त नहीं कहा
भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बुधवार को लोकसभा में की गई टिप्पणी को लेकर शुक्रवार सुबह माफी मांगी। साथ ही कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। हालांकि विपक्ष उनकी माफी से संतुष्ट नहीं हुआ और लगातार लोकसभा में हंगामा करता रहा। विपक्ष ने मांग की कि वह बिना शर्त माफी मांगें। जिसके बाद शुक्रवार दोपहर को साध्वी ने दोबारा अपने बयान पर माफी मांगी और कहा कि उन्होंने गोडसे के नाम का उल्लेख नहीं किया था।


साध्वी ने दोबारा मांगी माफी


27 नवंबर को विशेष सुरक्षा समूह (संशोधन) विधेयक, 2019 पर चर्चा के दौरान साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा, 'मैंने नाथूराम गोडसे को देशभक्त नहीं कहा था। मैंने उसका नाम तक नहीं लिया। यदि मैंने किसी की भावनाओं को आहत किया है तो मैं दोबारा माफी मांगती हूं।'

सदन में दोबारा माफी मांग सकती हैं साध्वी


साध्वी प्रज्ञा थोड़ी देर में सदन में बोलेंगी। माना जा रहा है कि वह दोबारा माफी मांगेंगी।

प्रज्ञा पर दिए बयान पर कायम हूं : राहुल


कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि वह लोकसभा में विवादित बयान देने वाली भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह को आतंकवादी बताने वाली अपनी टिप्पणी पर कायम हैं। अपने खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने की भाजपा की मांग के बारे में पूछे जाने पर गांधी ने कहा कि इससे उन्हें कोई समस्या नहीं है
उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि गोडसे भी हिंसा का प्रयोग करता था और यह (प्रज्ञा) भी हिंसा का प्रयोग करती हैं। यह पूछे जाने पर क्या वह प्रज्ञा को आतंकवादी बताने वाली टिप्पणी पर कायम हैं तो गांधी ने कहा, हां। जो मैंने ट्वीट पर लिखा है, उस पर कायम हूं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रज्ञा ने वही कहा है जिसमें वह विश्वास करती हैं।

यह हमेशा होता रहा है: मुलायम सिंह यादव


समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने इस हंगामे के बाद लोकसभा अध्यक्ष को सलाह दी कि वह सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों को बुलाकर बात करें और मामले को सुलझाएं। मुलायम ने कहा, 'हमारी राय यह है कि विपक्षी सदस्यों को जो परेशानी है, वह उसका इजहार कर रहे हैं। आप पांच-दस मिनट के लिए सदन बंद कर इधर और उधर के लोगों को बुलाकर बात कर लीजिए। यह हमेशा होता रहा है।' इस पर स्पीकर ने कहा कि वह उनकी अच्छी राय पर विचार करेंगे।



बिना शर्त माफी चाहते हैं: अधीर रंजन चौधरी


लोकसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा, 'हमारी केवल एक मांग है। हम चाहते हैं कि वह बिना किसी किंतु-परंतु के केवल माफी मांगे।'

सरकार बताए गोडसे आतंकवादी या नहीं


एआईएमआईएम के अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सरकार बताए कि गोडसे आतंकवादी है या नहीं। आपने कहा कि प्रज्ञा ठाकुर का बयान रिकॉर्ड में नहीं है। यह एक बड़ा घातक उल्लंघन है जो सदस्य के आचरण के बुनियादी मानकों के खिलाफ जाता है। सदस्य को स्पष्ट रूप से यह कहना चाहिए कि गोडसे देशभक्त नहीं है, वह एक आतंकवादी है और गांधी का हत्यारा है।

राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की मांग


जिसके बाद भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर को आतंकवादी कहने के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन लाने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा, 'महाराष्ट्र में कांग्रेस ने शिवसेना के साथ सरकार बनाई है। शिवसेना ने नाथूराम गोडसे को सामना में देशभक्त कहा था। कांग्रेस सत्ता और लालच के लिए किसी भी सीमा तक जा सकती है।'

इस मुद्दे का नहीं होना चाहिए राजनीतिकरण


लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा, 'केवल यह देश नहीं बल्कि पूरी दुनिया महात्मा गांधी के सिद्धांतों का पालन करती है। हमें इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। यदि हम ऐसा करते हैं तो यह दुनिया के सामने जाएगा। इसलिए मैं कहता हूं कि यह बयान रिकॉर्ड में नहीं जाएंगे। यह सदन महात्मा गांधी की हत्यारे को महिमा मंडित करने की अनुमति नहीं देता है चाहे वह इस सदन में हो या बाहर। कल रक्षा मंत्री ने सरकार की तरफ से बयान दिया था। सांसद प्रज्ञा भी माफी मांग चुकी हैं।