साध्वी के खिलाफ कांग्रेस लाएगी निंदा प्रस्ताव, थरूर बोले- संसद में ना मिले बैठने की अनुमति
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रज्ञा ठाकुर के बयान पर कहा है कि भाजपा ने उन्हें टिकट दिया और संसद तक लेकर आए। उन्हें संसदीय दल की बैठक में जाने की इजाजत न देने से क्या होगा? उन्हें तब तक संसद में नहीं बैठने देना चाहिए जब तक कि वह माफी नहीं मांगती हैं। हम निंदा प्रस्ताव की मांग करते हैं।' कांग्रेस साध्वी प्रज्ञा पर की गई भाजपा की कार्रवाई से खुश नहीं है। सूत्रों के अनुसार लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी निंदा प्रस्ताव लाएंगे।लोकसभा में अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि कांग्रेस को एक आतंकवादी पार्टी (भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर द्वारा) कहा जाता था, जिस पार्टी से हजारों नेताओं ने देश की आजादी के लिए बलिदान दिया था। अब क्या हो रहा है? क्या सदन इस पर चुप रहेगा? महात्मा गांधी के हत्यारे को 'देशभक्त' कहा गया।


गोडसे को देशभक्त बताने वाली सोच निंदनीय


भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के लोकसभा में दिए विवादित बयान पर कांग्रेस के हंगामे के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को सदन में कहा कि नाथूराम गोडसे को देशभक्त मानने की सोच की ही हमारी पार्टी पूरी तरह निंदा करती है। राजनाथ सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी पहले भी हमारे मार्गदर्शक थे और आज भी हैं, उनके विचार पहले भी प्रासंगिक थे और आज भी प्रासंगिक हैं।
इस दौरान कांग्रेस सदस्यों ने हंगामा किया और विपक्ष के तमाम सांसद सदन से वाॉकआउट कर गए। वहीं स्पीकर ओम बिड़ला ने लोकसभा में कहा कि प्रज्ञा ठाकुर के बयान को रिकॉर्ड से हटा दिया गया है।