मंदिर में सेवा करने गए युवक की मौत, पत्नी को हत्या का शक, पुजारी पुलिस हिरासत में
फतेहपुर के खागा में हाईवे किनारे बने गौरेया माता मंदिर में पुजारी की सेवा करने गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक चांदी के जेवर बनाकर उसकी फेरी बाइक से करता था। उसकी पत्नी ने पुजारी पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए पुजारी को हिरासत में ले लिया है।
खागा कस्बे के मानू का पुरवा निवासी रामआसरे के बेटे जयचंद सोनी(32) जेवर कारीगर हैं। वह घर से ही आर्डर पर जेवरों को बनाने व सप्लाई करने का काम करता था। परिवार मूलरूप से हथगाम ब्लाक के सेमरहा गांव का है। जयचंद की पत्नी क्रांति ने बताया कि पति गौरेया माता मंदिर के पुजारी उमाकांत मिश्र की सेवा करते थे।
पुजारी खागा के टेसाही गांव निवासी हैं। पति पुजारी के लिए हर दिन दूध-भोजन की व्यवस्था करते थे। कई बार मंदिर में ही रात रुक जाया करते थे। उन्हें नशे की लत लग गई थी। गुरुवार को भी पति शाम का भोजन व दूध लेकर गए थे। रात में नहीं लौटे तो लगा कि वहीं सो गए होंगे।
सुबह मौत का पता चला। रात में पति, दो अन्य युवक व पुजारी बाबा मंदिर में थे। सूचना पर वह लोग पहुंचे तो शव चादर से ढंक कर चबूतरे पर रखा था। पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति की हत्या पुजारी ने खुद की या किसी से कराई है। पुजारी ने उसके पति को वश में कर रखा था। कोतवाल परशुराम का कहना है कि कोई जाहिरा चोट नहीं दिखी। गले पर निशान बताया जा रहा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्थिति साफ होगी।