सीएम योगी के नए योद्धाः धर्मनगरी के उपाध्याय और कानपुर की नीलिमा को मिली जगह, इन पर भी जताया भरोसा

योगी आदित्यनाथ मंत्रिपरिषद का पहला बहुप्रतीक्षित विस्तार और फेरबदल बुधवार को लखनऊ के राजभवन में किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के कई मंत्रियों पर भरोसा जताया। धर्मनगरी चित्रकूट से चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली। जबकि कानपुर से नीलिमा कटियार ने भी राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।



चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय


चित्रकूट सदर विधायक और भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय को राज्य मंत्री की शपथ दिलाई गई है। वह चित्रकूट जिले के पांचवें मंत्री बने। उपाध्याय का मूल गांव राशिन भरतकूप है। इनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। चंद्रिका प्रसाद सीडीओ पद पर कार्य करते हुए रिटायर होने के बाद भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। वर्ष 2009 से लगातार भाजपा में कार्य किया। 2009 के बाद से इनको भाजपा ने वर्ष 2017 में सदर विधानसभा चित्रकूट सीट से चुनाव लड़ाया। जिसमें इन्होंने समाजवादी पार्टी के तत्कालीन विधायक वीर सिंह पटेल को 90366 वोट से हराया था। वर्ष 2018 में पार्टी के जिला अध्यक्ष का पद खाली होने पर इन्हें पदभार दिया गया है।