76823 पौध वितरण कर प्रयागराज ने बनाया चौथा विश्व रिकार्ड

गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड की टीम ने मा. मुख्यमंत्री जी को दिया पौध वितरण का विश्व रिकार्ड दर्ज होने का प्रमाण पत्र
मा. मुख्यमंत्री जी ने विश्व रिकार्ड दर्ज करने में सहयोग करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संस्थाओं को दिया धन्यवाद


प्रयागराज बड़े आयोजनों को सफलता पूर्वक सम्पन्न कर दूसरों के लिए बन रहा है उदाहरण - मा. मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश


100 वर्ष से अधिक वृक्षों को संरक्षित कर, लोगो के लिए बनाया जायेगा दर्शनीय -  मा. मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश


मा. मुख्यमंत्री जी ने स्कूली बच्चों की चित्रकारी प्रदर्शनी का अवलोकन कर की सराहना।
आज प्रयागराज में हजारों की संख्या में पौध वितरण कर गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड दर्ज करने के कार्यक्रम में मा. मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि कुम्भ के बाद उनका प्रयागराज आगमन हो रहा है। प्रदेश में आज एक नही तीन रिकार्ड  बने हैं, जो अपने आप में ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि आज एक घंटे में (सुबह 09 से 10 बजे तक में) 05 करोड़ वृक्षारोपण कर कीर्तिमान स्थापित किया गया है। इसके साथ उत्तर प्रदेश के मा. राज्यपाल द्वारा जनपद कासगंज में एक लाख दस हजार पौध रोपण किया गया है तथा प्रयागराज मे एक निश्चित समय में एक ही स्थान पर 76823 पौध वितरण कर विश्व मे एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जो अविस्मरणीय है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में वृक्षारोपण किया जा रहा है तथा अभी तक लगभग 22 करोड़ से अधिक पेड़ लगा दिये गये है। मा. मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश में विश्वकीर्तिमान स्थापित करने मे सहयोग करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, संस्थाओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में हजारों की संख्या में निःशुल्क पौध वितरण किया गया, जिसमे स्कूली बच्चों, संस्थाओं व जन सामान्य ने बड़े उत्साह के साथ भाग लेकर इसमें अपना मूल्यवान सहयोग दिया। 
मा. मुख्यमंत्री जी ने उपस्थित जन समूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण का कार्य सफलतापूर्वक कर लिया गया है। अब हमे रोपित किए पौधे को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभानी है। उन्होंने लोगो को बताया कि वन है तो जीवन है इस सिद्धान्त को हमें हमेशा ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में एक से एक विराट आयोजन हो चुके है, जो दूसरों को बड़े आयोजन करने की सीख दे रहें है। उन्होंने कहा कि वृक्ष लोगों को जीवन प्रदान करते है, इसलिए हम सबको वृक्षारोपण कर आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष इससे भी अधिक वृक्ष लगाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। मा. मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ऐसे वृक्षो को चयन किया जा रहा है जो 100 वर्ष से अधिक के हो चुके हैं, उनको संरक्षण प्रदान कर दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। 
मा. उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने लोगो को सम्बोधित करते हुए वृक्षों के महत्व के बारे में बताया और कहा कि पर्याप्त मात्रा में वन होने से वर्षा समय से होती है। जीवन के लिए जल जरूरी है और जल के लिए वृक्ष जरूरी है। उन्होंने कहा कि मा. प्रधानमंत्री एवं मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा विकास के कार्य किये जा रहे है। इन विकास कार्यों में पर्यावरण सुरक्षा एवं स्वच्छता को महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 22 करोड़ से अधिक वृक्षारोपण का लक्ष्य साधारण नही था लेकिन उत्तर प्रदेश के लिए यह असाधारण भी नही था। उन्होंने कहा कि वृक्षों के महत्व को समझने की जरूरत है।
कार्यक्रम के अन्त में गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड की टीम के द्वारा मा. मुख्यमंत्री जी को प्रयागराज मे एक समय मे, एक ही स्थान पर 76823 पौध वितरण के नया रिकार्ड दर्ज करने पर प्रमाण पत्र दिया गया। कार्यक्रम में वन मंत्री दारा सिंह चौहान, अपर मुख्य सचिव, सूचना श्री अवनीश कुमार अस्वथी,  सांसद श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी, सांसद श्रीमती केशरी देवी पटेल, सांसद विनोद सोनकर, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, मेयर अभिलाषा गुप्ता नन्दी, मण्डलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल, एडीजी श्री एस.एन.साबत, डीआईजी श्री के.पी. सिंह, डीएम श्री भानुचन्द्र गोस्वामी, एसएसपी श्री अतुल शर्मा आदि वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। 
मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा परेड़ ग्राउण्ड के पौध वितरण कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा बनायी गयी चित्रकारी प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा जिलाधिकारी प्रयागराज द्वारा उन्हें चित्रों के बारे मे विस्तृत जानकारी दी गयी। मा. मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम स्थल पर वृक्षारोपण पर बनायी गयी सैंड आर्ट को भी देखा तथा वहां पर खड़े होकर फोटो भी खिंचवाई। 
भारत छोड़ों आन्दोलन की 77वीं वर्षगांठ पर मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की उपस्थिति में वृक्षारोपण महाकुम्भ के अन्तर्गत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम प्रयागराज के गंगा-यमुना तट पर स्थित परेड ग्राउण्ड में निःशुल्क पौध वितरित किये जाने के कार्यक्रम में 6 घण्टे में एक ही स्थल पर 76823 निःशुल्क पौध वितरित कर विश्व रिकार्ड बनाया गया। इस उपलब्धि को गिनीज विश्व रिकार्ड में शामिल किया गया। मा0 मुख्यमंत्री ने गिनीज विश्व रिकार्ड का प्रमाण पत्र प्राप्त किया।  राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती को अविस्मरणीय बनाने हेतु गांधी जी की प्रिय वृक्ष प्रजातियों आम, बरगद, नीम, सॉल, महुआ, कल्पवृक्ष, सहजन आदि प्रजातियों का रोपण किया गया। प्रदेश वासियों को वृक्षारोपण से जोड़ने हेतु प्रदेश के प्रत्येक जनपद में पंचवटी स्थापित की गयी। प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरणीय लाभ एवं कृषकों की आय में सतत वृद्धि के दृष्टिगत 2019-20 में 22 करोड़ पौध रोपण हेतु प्रदेश के समस्त शासकीय विभागों, न्यायालय परिसरों, कृषकों, संस्थानों, व्यक्तियों, निजी व शासकीय शैक्षणिक संस्थानों, भारत सरकार के विभाग व उपक्रमों, स्थानीय निकायों तथा ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, नगर निगम, नगर पालिका परिषद, प्राधिकरण परिषद आदि संस्थानों को वन विभाग की पौधशालाओं से निःशुल्क पौध उपलब्ध कराये गए हैं। वृक्षारोपण महाकुम्भ के अन्तर्गत 22 करोड़ पौध रोपण से प्रदेश के वृक्षावरण में तीव्र गति से वृद्धि होगी। वृक्षारोपण महाकुम्भ के अन्तर्गत एक दिन में 22 करोड़ पौध रोपण हेतु कृषकों व वृक्ष उत्पादकों को पौधारोपण व अन्य वानिकी गतिविधियों की तकनीकी व व्यावहारिक जानकारी देने एवं इस अभियान से जोड़ने हेतु प्रशिक्षण व जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहरी क्षेत्र में वृक्षारोपण हेतु तैयार की गई नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतवार तैयार किए गए माईक्रोप्लान में आवास विकास, नगर विकास, औद्योगिक विकास, रक्षा विभाग, रेलवे विभाग एवं परिवहन विभाग द्वारा भी वृक्षारोपण किया गया। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत कृषकों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थिंयों को वृक्षारोपण महाकुम्भ से जोड़ा गया। 09 अगस्त,  को 22 करोड़ पौधों के रोपण हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत का माइक्रोप्लान तैयार किया गया। इसप्रकार 822 विकास खण्ड, 58924 ग्राम पंचायत तथा 652 शहरी निकाय क्षेत्र में माइक्रोप्लान तैयार किया गया। वृक्षारोपण के जियोटैगिंग का कार्य किया जा रहा है तथा वृक्षारोपण के उपरान्त स्वतंत्र मूल्यांकन भी कराया जायेगा।
परेड ग्राउण्ड में आयोजित पौध वितरण कार्यक्रम का शुभारम्भ मण्डलायुक्त द्वारा पौधा लेकर किया गया। मण्डलायुक्त ने कहा कि प्रयागराज को तीन गिनीज विश्व रिकार्ड का गौरव पहले ही प्राप्त हो चुका है और आज वृक्षारोपण महाकुम्भ के रूप में चौथा गिनीज विश्व रिकार्ड बना। पूरे प्रदेश में 22 करोड़ से अधिक वृक्षारोपण किया गया। इसी कड़ी में प्रयागराज में एक ही स्थान पर 06 घंटे में  76823 पौधों का वितरण कर एक और गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड की उपलब्धि प्राप्त की। मण्डलायुक्त ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न संगठनों के द्वारा दिये गये सहयोग के लिए उनका ह्रदय से आभार जताया। साथ ही उन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए शिक्षण संस्थानों, मीडिया, मेला प्रशासन, वन विभाग, पर्यटन विभाग के कार्यों की भी सराहना की।