मेरठ पहुंचे अपर महानिदेशक सुभाष शरण, कहा- सेना में 'भगवत गीता' पढ़कर आएं युवा
सेना भर्ती उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के अपर महानिदेशक सुभाष शरण शुक्रवार को मेरठ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवत गीता को पढ़कर ही युवाओं को सेना में आना चाहिए। यह मिलिट्री मैन्युल है। केंट स्थित सेना भर्ती कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए सुभाष शरण ने कहा कि 30 साल पहले अमेरिका ने भी अपने सैनिकों के लिए इस्कोन मुंबई को भगवत गीता की 40 हजार प्रतियों का ऑर्डर दिया था। यह धर्मिक ग्रंथ नहीं बल्कि संस्कृति की धरोहर है। अगर जीवन में हार नहीं माननी है तो भगवत गीता जरूर पढे़ं। 
दलालों के चक्कर में न पड़े युवा
वहीं, उन्होंने युवाओं से कहा कि दलालों से बचकर सिर्फ अपनी मेहनत पर ध्यान दीजिए। छह महीने की तपस्या से आप सेना में भर्ती हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि अब सेना में मेरिट से भर्तियां होंगी।

मेरिट से की जाएगी भर्ती



अपर महानिदेशक सुभाष शरण ने कहा कि बहुत जल्द सेना में मेरिट से भर्ती की जाएगी। कक्षा 10वीं और 12वीं के आधार पर अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पर फैसला जल्द लिए जाने की तैयारी है।
 सेना में जाने के लिए निःशुल्क शिविर, इसके अलावा सेना में जाने वाले युवाओं के लिए वाराणसी में दिसंबर में निःशुल्क शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर के माध्यम से सेना के नियमों सहित प्रक्षिशित होने की जानकारी विस्तार से दी जाएगी। 
जल्द होगी लड़कियों की भर्ती
लड़कियों के लिए पहली भर्ती सितंबर या अक्टूबर में होगी। पहली बार सेना में भर्ती के लिए लड़कियों के लिए दरवाजे खोले गए हैं। हाल ही में सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया था। जिसकी पहली भर्ती सितंबर या अक्टूबर में लखनऊ में होने जा रही है। वहीं, पहली ट्रेनिंग बैंगलोर में होगी।