फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरता से सुने और उनका तत्काल निस्तारण करें- डाॅ0आदर्श सिंह

    बाराबंकी आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में माह अगस्त के तृतीय मंगलवार को तहसील नवाबगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डाॅ0आदर्श सिंह, पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर, मुख्य विकास अधिकारी मेधा रूपम व उप जिलाधिकारी अभय पाण्डेय ने आये हुए फरियादियों की समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई की और उसके निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व0राजीव गांधी के जन्म दिवस 20 अगस्त, 2019 को सद्भावना दिवस के रूप में मनाये जाने पर सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों को सद्भावना दिवस की शपथ दिलायी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 179 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए। मौके पर 27 प्रार्थना पत्रों को निस्तारित किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग से सम्बन्धित 88 प्रार्थना पत्र, पुलिस विभाग से सम्बन्धित 38 प्रार्थना पत्र, विकास से सम्बन्धित 21 प्रार्थना पत्र तथा अन्य विभागों से सम्बन्धित 32 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए।