डीएम व सीडीओ ने लिया बाढ़ पूर्व तैयारियों का जायजा, दिए सख्त निर्देश

टिकैतनगर, बाराबंकी। जिलाधिकारी आदर्श सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती मेघा रूपम के साथ विकास खंड पूरेडलई क्षेत्र के ग्राम कोठरी गौरिया पहुँच कर बाढ़ से पूर्व की तैयारियों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिया निर्देश दिया। 
 जिलाधिकारी आदर्श सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती मेघा रूपम के साथ  सबसे पहले कोठरी गौरिया गांव पहुंचे। यहां पर मौजूद ग्रामीणों ने नदी के पानी का दबाव अधिक होने से इस गांव में नदी का पानी सीधे ठोकर मारने और पानी बढ़ते ही इस गांव में कटान का सबसे अधिक खतरा होने की बात कही। डीएम ने गांव को बचाने के लिए किए गए कार्यों की जानकारी ली। यहां पर बाढ़ खंड द्वारा कटान रोकने के लिए बीते वर्ष कटर बनवाए गए थे।बाढ़ आने का समय नजदीक आ रहा है लेकिन अभी तक बाढ़ खण्ड द्वारा यहां पर कोई भी कार्य शुरू नही कराया गया है। कटरों के निरीक्षण के बाद डीएम ने अधिशासी अभियंता उत्कर्ष भारद्वाज को गांव के साथ तटबंध की सुरक्षा को देखते हुए कटरों के तत्काल निर्माण के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने लोढ़ेमऊ स्पर का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ खंड के अधिकारियों को मौके पर कैंप कर शीघ्र कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। कोठरी गौरिया के ग्राम प्रधान विकास द्विवेदी ने अपने गांव के रपटा पुल की बदहाल स्थिति और पुल के खस्ताहाल होने से ग्रामीणों को उतपन्न हो रही समस्याओं के बारे मे जिलाधिकारी व सी डी ओ अवगत कराया जिस पर जिलाधिकारी ने रपटा पुल का अति शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए।  जिलाधिकारी आदर्श सिंह के साथ मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती मेघा रूपम के अलावा बाढ़ एंव सिंचाई खण्ड के अधिकारियों व ग्राम प्रधान विकास द्विवेदी सहित तमाम प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।