पुलिस की कार्यवाही से जरायम पेशाओं में हड़बड़ी


मसौली, बाराबंकी। चार दिन पूर्व कस्बा शहाबपुर में छापामारी के दौरान  एक घर से बरामद हुए एक कुन्तल गौमांस के मुख्य अभियुक्त की फरारी के चलते मसौली पुलिस ने अभियुक्त के घर की तालाबन्दी करते हुए घर को सीज किया। पुलिस की कार्यवाही से गौमांस के गैरकानूनी धन्धे में लिप्त लोगो में हड़कम्प मचा गया।
 उल्लेखनीय हो कि गत 22 मई को मसौली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कस्बा शहाबपुर निवासी असलम के घर पर छापा मार कर गौमांस के पैकेट बना रहे तीन लोगो को दबोच कर एक कुन्तल गोमांस सहित कांटा बाँट, छुरी, झापड़ बरामद किया था। छापामारी के दौरान असलम पुत्र तसव्वर, गुडडू पुत्र मुस्तफा व शमीम पुत्र शफीक पुलिस को देख दीवार फांद कर फरार हो गये थे। तथा पैकेट बना रहे नदीम पुत्र नसीम, हामिद पुत्र तसव्वर, शव्वीर पुत्र शरीफ को  गिरफ्तार कर जेल भेजा था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी,अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आरएन गौतम, पुलिस उपाधीक्षक रामनगर पवन गौतम ने जिस  घर में गौमांस बरामद हुआ था उसका मुआयना कर अभियुक्तो के विरुद्ध सख्त कार्यवाही के आदेश दिये थे।
 फरार तीनो अभियुक्तो के हाजिर न होने पर शनिवार को थानाध्यक्ष सन्तोष कुमार सिंह ने असलम के घर में ताला बन्दी करते हुए  सीज कर दिया गया है। पुलिस की इस कार्यवाही से लोगो में हड़कम्प मच गया है। थानाध्यक्ष सन्तोष कुमार सिंह ने बताया कि गौमांस में लिप्त लोगो के आलावा अब जो भी लोग गौमांस खरीदते है उनके विरुद्ध भी कार्यवाही की जायेगी।