संचारी रोग नियंत्रण माह शुरू, पहले दिन निकाली गयी जागरूकता रैली

मेरठ। संचारी रोग नियंत्रण माह सोमवार से शुरू हुआ। कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा राजकुमार व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा पूजा शर्मा व डीएमओ सत्यप्रकाश ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखा कर सीएमओ कार्यालय से रवाना किया। रैली में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पोस्टर व बैनर लिये हुए थे जिसके माध्यम से लोगों को साफ.सफाई के प्रति जागरूक किया गया। वहीं दूसरी और देहात में सामाजिक संस्थाओं ने इस गोष्ठी, कार्यशाला, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। सरकार ने संचारी रोगों पर नियंत्रण और उससे संबंधित जानकारी के लिए टोल फ्री नं. 18001805145 जारी किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा राजकुमार ने बताया कि 31 जुलाई तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण माह में वैक्टर जनित बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए सिनेमा घरों, शहर में लगीं प्राधिकरण की स्क्रीनों पर स्लाइड चलाई जाएंगी। जिनके माध्यम से बताया जाएगा कि किस तरह व्यवहार परिवर्तन और जागरूकता से हम इन बीमारियों से बच सकते हैं। इन बीमारियों से बचने का सबसे उत्तम उपाय है, कि हम मच्छरों को पनपने ही न दें। इसके लिए मलेरिया विभाग तमाम तरीके बताएगा। उन्होंने बताया कि बाजार में खुले में बिकने वाले कटे फल भी बीमारी फैलाने का बड़ा कारण हैं, इसलिए खाद्य विभाग को इसके खिलाफ विशेष अभियान चलाने के लिए कहा गया है।
विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने रैली को रवाना करते हुए कहा कि जरा सी सावधानी से बीमारियों से बचा जा सकता है। प्रदेश सरकार का मकसद संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इसी उददेश्य से प्रदेश भर में संचारी रोग नियंत्रण माह मनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शासनादेश के अनुसार इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग समेत 14 विभागों की भागीदारी रहेगी। इन विभागों में नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्राम विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, पशुपालन विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग, सूचना विभाग शामिल हैं। सभी विभागों को उनके कार्य और उत्तरदायित्वों के बारे में अवगत करा दिया गया है। एमडीए को सफाई के विशेष अभियान चलाने के लिए कहा गया है। शहर जितना साफ रहेगा, उतने ही मच्छर कम पैदा होंगे और बीमारियों पर नियंत्रण रहेगा। इनके अलावा तमाम एनजीओ, सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस माह के दौरान डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया पर नियंत्रण पाने के लिए जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान लोगों को साफ सफाई, कचरा निस्तारण, जलभराव रोकने, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता आदि पर जागरूक किया जाएगा। संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के दौरान गांवों में प्रधान को साथ में लेकर वेक्टर जनित बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी। इसके साथ ही जनपद की आशा कार्यकर्ता घर घर जाकर लोगों को संचारी रोगों और उनसे बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। साथ ही यह भी बताएंगी की बीमारियों से बचने के लिए क्या करें और क्या न करें। नालियों में एंटी लार्वा का छिडक़ाव कराया जाएगा। मलेरिया अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घर और आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें। खाली पड़े पात्रों में पानी जमा न होने दें। सप्ताह में एक बार कूलर की सफाई अवश्य करें। जितना संभव हो मच्छरों को पनपने से रोकने का प्रयास करें।