लोकसभा चुनाव 2019 के लिए प्रचार अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हरियाणा के फतेहाबाद में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी, हिसार और सिरसा प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने की अपील करने आए थे। प्रधानमंत्री 20 साल बाद फतेहाबाद आए थे। अगस्त 1999 में फतेहाबाद के ही एमएम कॉलेज में नरेंद्र मोदी बतौर हरियाणा प्रभारी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ आए थे।
मंच पर केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, भाजपा के हरियाणा अध्यक्ष सुभाष बराला, शिअद सुप्रीमो सुखबीर बादल, वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, प्रदेश महामंत्री श्रीनिवास गोयल, हिसार विधायक कमल गुप्ता, उचाना विधायक प्रेमलता, हिसार से भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह, सिरसा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल, नलवा विधायक रणबीर गंगवा और आदित्य चौटाला मौजूद हैं।
फतेहाबाद रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल नहीं आए। वह कुरुक्षेत्र में पीएम की रैली की तैयारियों में जुटे हैं। वहीं फतेहाबाद रैली की पूरी व्यवस्था बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने संभाली। वे मंच संचालक की भूमिका में रहे। पीएम के आने के बाद किसी नेता का भाषण नहीं करवाया गया, क्योंकि पार्टी नेता चाहते हैं कि पीएम ज्यादा से ज्यादा समय तक लोगों से संवाद करें। रैली में काफी संख्या में लोग पहुंचे हैं। कई लोगों ने पीएम मोदी वाला मुखौटा लगा रखा है।
पगड़ी पहनाकर किया गया पीएम मोदी का स्वागत
पीएम मोदी रैली स्थल पर मंच पर पहुंचे। सुभाष बराला ने पगड़ी पहनाकर पीएम मोदी का स्वागत किया। फतेहाबाद के जिलाध्यक्ष वेद फुला, सिरसा के जिलाध्यक्ष डॉ. यतिंद्र ने बड़ी फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। उचाना विधायक प्रेमलता और नलवा विधायक रणबीर गंगवा ने स्मृति चिन्ह के तौर पर हल भेंट किया।
केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र ने मंच से अपने बेटे बृजेंद्र सिंह के लिए वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से 20 करोड़ लोगों को सीधा फायदा मिला। कांग्रेस ने मनरेगा को पैसा लूटने के लिए बनाया था, हमने इसे नया रूप दिया। मजदूरों की मजदूरी, किसानों का मुआवजा, बुजुर्गों की पेंशन सीधा बैंक खातों में पहुंचाई। बीच की दलाली को खत्म किया।
हरियाणवी में बात करके लोगों को लुभाया
पीएम मोदी ने रैली में कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और बिना नाम लिए रॉबर्ट वाड्रा पर बड़ा बयान दे दिया। पीएम ने कहा कि किसानों को लूटने वालों को जेल के दरवाजे तक ले आया हूं, अगले पांच साल में जेल के अंदर भी पहुंचा दूंगा। बस देश की जनता का सहयोग चाहिए।
पीएम ने कहा कि देश में पांच फेज की वोटिंग हो चुकी है और स्थिति पूरी तरह साफ हो चुकी है। 23 मई को जब चुनाव के नतीजे आएंगे तो पता चला जाएगा कि एक बार फिर कमल खिल गया है। कांग्रेस को उसका आइना नजर आ जाएगा। इस समय सभी ने हाथ खड़े कर दिए हैं। विरोधियों के सारे मंसूबे ध्वस्त हो गए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि मुझे आप सभी के आशीर्वाद से देश की सेवा करने का मौका मिला। उसी की वजह से आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। कोई राष्ट्र अपनी रक्षा नीति को मजबूत किए बिना विश्व शक्ति नहीं बन सकता। जो राष्ट्र अपनी रक्षा नहीं कर पाता, क्या दुनिया उसकी बात सुनेगी।
कांग्रेस को फरेबी और प्रपंच रचने वाली बताया
पीएम ने कहा कि आतंकियों का सरगना मसूद अजहर वैश्विक आतंकी घोषित हो चुका है। कांग्रेस सरकार आज तक ये काम नहीं करवा पाई, क्योंकि नियत नहीं थी। साफ नीति नहीं थी। कांग्रेस ने हरियाणा में शहीदों के लिए वार मेमोरियल नहीं बनाया। कभी शहीदों के परिवारों के लिए कुछ नहीं किया। ऐसी पार्टी देश को क्या चलाएगी। कांग्रेस के राज में लोगों को रोना ही पड़ा है। न कभी मुआवजा मिला, न कोई विकास हुआ। न जवानों को मान मिला, न पुलिस को सम्मान मिला।
पीएम ने कहा कि 2014 से पहले आए दिन पाकिस्तान हमारे जवानों के साथ बर्बरता करता था। आए दिन आतंकी हमले होते थे। लेकिन कांग्रेस की कमजोर सरकार सिर्फ बयान देती थी। 2014 में जो नई सरकार अपने बनाई, उसने अपनी बाजुएं खोल दीं और दुश्मनों को उनके घर में घुसकर मारा। पहले जमीन से गए और फिर दूसरी बार आसमान से गए। उसके बाद दुश्मनों का खात्मा किया। जो आतंकी हमें डराते थे, वे आज दुबककर बैठे हैं।
शहीदों के मान, पुलिस के सम्मान पर बोले पीएम
ऐसे होने से दुश्मनों को खुली छूट मिल जाएगी। कांग्रेस ने हरियाणा में शहीदों के लिए वार मेमोरियल नहीं बनाया। कभी शहीदों के परिवारों के लिए कुछ नहीं किया। ऐसी पार्टी देश को क्या चलाएगी। कांग्रेस के राज में लोगों को रोना ही पड़ा है। न कभी मुआवजा मिला, न कोई विकास हुआ। न जवानों को मान मिला, न पुलिस को सम्मान मिला। कांग्रेस ने तो किसानों की जमीन पर भी भ्रष्टाचार की खेती की। सबूत लोगों के सामने है।
हरियाणा में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब कौड़ियों के भाव पर किसानों की जमीन हड़पने का खेल खेला गया और ये चौकीदार उन्हें कोर्ट तक ले गया। आज वे जमानत के लिए चक्कर काट रहे हैं। कोर्ट में एड़िया रगड़ रहे हैं। उन्होंने रॉबर्ट वाड्रा पर तंज कसते हुए कहा कि जेल के दरवाजे तक पहुंचा दिया है, आने वाले पांच साल में अंदर भी कर दूंगा। आपका आशीर्वाद चाहिए, देश को जिन्होंने लूटा है, ब्यान समेत हिसाब चुकाना ही होगा।